Begusarai

Mar 09 2024, 19:07

बेगूसराय में आंग का तांडव:एक दर्जन से अधिक घर जलकर राख; करीब 20 लाख का हुआ नुकसान, पीड़ितों का रो-रोकर बुरा हाल

बेगूसराय में एक दर्जन से अधिक घरों में आग लग गई। घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। इस दौरान लोगों ने किसी तरह से अपनी जान बचाई। घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र के नौला चौक स्थित मुसहरी टोला की है।

ग्रामीणों ने बताया कि खाना बनाते समय गैस लीकेज की वजह से पहले एक घर में आग लगी। देखते ही देखते कई घरों को चपेट में ले लिया। आग की लपटें काफी तेज थी, किसी को कुछ समझ में नहीं आया। सारा सामान जलकर राख हो गया। कुछ भी नहीं बचा। घर से भागकर लोगों ने किसी तरह से अपनी जान बचाई।

मामले की सूचना में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तबतक काफी देर हो चुकी थी। करीब 20 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। पीड़ितों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी मिलते ही वीरपुर सीओ भाई वीरेंद्र भी घटनास्थल पर पहुंचे। पीड़ित परिवार से मुलाकात कर मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जांच की जा रही है। पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दी जाएगी।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Mar 08 2024, 18:45

सड़क हादसे में घायल महिला की मौत, बेगूसराय सदर अस्पताल में चल रहा था इलाज

बेगूसराय : जिले में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आई महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका राम प्यारी देवी समस्तीपुर जिले की रहने वाली थी।

परिजनों ने बताया है कि राम प्यारी देवी 4 फरवरी को झमटिया घाट पर गंगा स्नान करने के लिए गई थी, लेकिन घर लौट कर नहीं आई। काफी खोजबीन के बाद भी कुछ पता नहीं चला। 6 फरवरी को पुलिस से सूचना मिली की सड़क हादसे में राम प्यारी देवी घायल हो गईं हैं। बेगूसराय सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जानकारी मिलते ही हमलोग अस्पताल पहुंचे। इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। घर लौटते समय तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी थी। घटना बछवाड़ा थाना क्षेत्र के रसीदपुर गांव के पास हुई थी।

फिलहाल बछवाड़ा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Mar 08 2024, 18:44

बेगूसराय में संदिग्ध हालत में युवक की मौत, ससुराल पक्ष ने मां, चाचा और बहन पर हत्या का लगाया आरोप

बेगूसराय : जिले में संदिग्ध हालत में एक युवक की मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने मृतक की मां, चाचा और बहन पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना गढ़पुरा थाना क्षेत्र के मालीपुर सुंदरबन चौक के पास की है। मृतक की पहचान ताराकांत पाठक के पुत्र मनीष कुमार पाठक के तौर पर हुई है।

मनीष के फुफेरा साला रौशन कुमार रमण ने बताया है घरवालों ने ही गला दबाकर उनके बहनोई को मार डाला। हत्या के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर गए थे। जानकारी मिलने के बाद हमलोग मौके पर पहुंचे तो शव छोड़कर सभी भाग गए।

उन्होंने आगे बताया कि 1 साल पहले ही मेरी फुफेरी बहन के साथ मनीष कुमार पाठक की शादी हुई थी। शादी के बाद से ही बहनोई को ससुराल नहीं आने दिया जाता था। बहन को छोड़ देने की जिद कर रहे थे। एक महीना पहले बच्चे का जन्म हुआ था। जब उसकी बहन अपनी मायके आई तो, बहनोई को उनके घरवालों ने नहीं आने दिया। जान से मारने की धमकी दे रहे थे। हो सकता है ससुराल जाने की बात पर ही उनलोगों ने गला दबाकर मार डाला। गले पर निशान भी था।

इस संबंध में गढ़पुरा थाना प्रभारी ने बताया कि मालीपुर सुंदरबन चौक के पास संदिग्ध अवस्था में एक युवक की मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Mar 07 2024, 21:54

अनियंत्रित होकर दुकान में घुसी बस:आधा दर्जन लोग घायल, बाल-बाल बचा दुकानदार, मौके से चालक फरार

बेगूसराय में बारात जा रही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने दुकान से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था की दुकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं इस हादसे में बारात जा रहे हैं बस पर सवार 6 बाराती घायल हो गए, हालांकि घटना के बाद बस चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गए। वहीं घायल लोग भी अपने-अपने घर वापस लौट गए।

घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर हरिचक पथ के जगदीशपुर चौक के समीप की है। बताया जा रहा है कि बीती रात एक बस बारात में जा रही थी कि उसी वक्त बस चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे बने चाय-नाश्ते की दुकान से जा टकराई। दुकान में सो रहा दुकानदार बाल-बाल बच गया। पीड़ित दुकानदार की पहचान जगदीशपुर निवासी अभिषेक कुमार के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बाद भी रात से अभी तक स्थानीय पुलिस मौके पर नहीं पहुंची है। इसके कारण दुकानदारों में काफी आक्रोश दिखा।

वहीं दुकानदारों का कहना है कि तकरीबन 10 लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है।फिलहाल लोगों के द्वारा क्षतिग्रस्त दुकान के लिए मुआवजे की मांग की जा रही है। फिलहाल कई घंटे के बाद भगवानपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं इस संबंध में भगवानपुर थाना प्रभारी ने बताया है कि एक बस जो कि बलिया से बारात लेकर भगवानपुर जगदीशपुर जा रही थी, तभी बस अनियंत्रित होकर एक दुकान में जा टकराई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। हालांकि जानमाल की नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Mar 07 2024, 21:52

बेगूसराय:- बंद घर में चोरों ने उड़ाई लाखों की संपत्ति

बेगूसराय में चोरों ने एक बार फिर बड़ी घटना को अंजाम दिया है। मामला नगर थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर वार्ड संख्या-40 की है। जहां लाखों की संपत्ति चोरी कर ली गई। सूचना के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

घटना के संबंध में पीड़ित शैलेंद्र राय ने बताया कि उनका पैतृक निवास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रजौड़ा जिनेदपुर है। गांव में भाभी का निधन हो गया था। इसके कारण हम लोग पूरा परिवार बुधवार सुबह घर में ताला लगाकर गांव चले गए थे।

गुरुवार सुबह में मेरे सर्वोदय नगर स्थित आवास के बगल में रहने वाले पड़ोसी ने घर का ताला टूटा रहने की सूचना दी। उनके सूचना पर जब पहुंचे तो मेन गेट और एक कमरे का ताला टूटा हुआ था। कमरे के अंदर ट्रंक खुला था और सभी सामान अस्त-व्यस्त हालत में थे।

चोरों ने घर से एलजी कंपनी की एलइडी टीवी, इनवर्टर, बड़ी बैटरी, करीब 40 हजार कैश, 15 ग्राम से अधिक वजन के सोने के आभूषण, 15 साड़ी, कुर्ता पायजामा सहित अन्य सामान की चोरी कर ली।

घटना की सूचना मिलने पर पहुंची डायल-112 की पुलिस ने मामले की छानबीन की। पीड़ित ने बताया कि बाउंड्री के बगल में खुली गली है। संभावना है कि इसी से होकर कर चोर आए होंगे और वारदात को अंजाम दिया।

इस संबंध में नगर थाना अध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि गुरुवार को करीब 10 बजे डायल-112 की टीम को चोरी की सूचना मिली। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Mar 07 2024, 21:49

दबंगों ने दो भाइयों की जमकर की पिटाई:पीड़ित ने कहा- शराब के धंधे में शामिल होने से मना करने पर पीटा

बेगूसराय में दबंगों ने दो भाइयों की जमकर पिटाई कर दी। गंभीर हालत में दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना नया गांव थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर एक की है। पीड़ित की पहचान रामाशीष सिंह के पुत्र चंदन कुमार और दिलशन कुमार के तौर पर हुई है।

पीड़ित दिलशन कुमार ने बताया कि गांव के कुछ दबंग लोग शराब की तस्करी करते हैं। उसका भाई पेशे से चालक है। तस्कर उसके भाई को शराब लदी गाड़ी को झारखंड पहुंचाने के लिए दबाव बना रहे थे। उनलोगों के पास उसका पैसा भी बकाया है। कई बार मांगा लेकिन नहीं मिला। झारखंड जाने से मना करने पर लाठी-डंडे और पिस्तौल की बट से पिटाई कर दी। जिसमें दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।

वहीं, इस संबंध मे थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया की दोनों के बीच पैसे का विवाद है। इसी को लेकर मारपीट की घटना हुई है। जिसमें एक पक्ष से दो लोग घायल हो गए। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल कर रही है। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Mar 06 2024, 20:08

जारी है जिला परिषद कर्मियों का धरना:डीडीसी पर अमर्यादित व्यवहार और गाली-गलौज करने का आरोप, अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ भी दे रहे साथ

बेगूसराय : जिला परिषद के कर्मचारी डीडीसी-सह-कार्यपालक पदाधिकारी पर अमर्यादित व्यवहार और गाली गलौज करने का आरोप लगाते हुए आज तीसरे दिन भी धरना पर बैठे हुए हैं। जिला परिषद प्रशासनिक भवन के बाहर धरना पर बैठे कर्मचारियों का कहना है कि हम अपनी मांग पूरी होने तक नहीं उठेंगे।

कर्मचारियों के समर्थन में धरना पर बैठे बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत राय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा कर्मचारियों के साथ अपनाई जा रहे दमनात्मक नीति के खिलाफ हम लगातार आंदोलन करते हैं। संघर्ष के बल पर जो सुविधा मिली है, उसे अधिकारी लागू नहीं कर रहे हैं।

दूसरी ओर बेगूसराय के डीडीसी डंडा दिखाते हैं, गाली गलौज करते हैं, धौंस दिखाते हैं, मनमानी करते हैं। डीडीसी कर्मचारियों का दोहन और शोषण करते हैं। धमकी देते हैं, प्रताड़ित करने के नाम पर बिचौलिया पैसे की उगाही कर रहे हैं। पदाधिकारी सरकारी पत्र को भी नहीं मानते हैं। इसीलिए आंदोलन चल रहा है कि नियमों का पालन किया जाए।

संघ के जिला मंत्री मोहन मुरारी ने कहा कि यह मान सम्मान की लड़ाई है। यह डीडीसी जब से आए हैं, तुम ताम, गाली गलौज तथा अमर्यादित व्यवहार कर रहे हैं। इतने दिन से सहते आ रहे थे कि आज ना कल माहौल ठीक होगा। लेकिन स्थिति और खराब हो गई, जिसके बाद आंदोलन शुरू किया गया है।

आज आंदोलन का तीसरा दिन है। बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ इनके मांग का समर्थन करता है। यदि समस्या का समाधान नहीं होता है तो महासंघ द्वारा आंदोलनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कर्मचारी का मान सम्मान ही नहीं रहेगा तो क्या करेंगे। समस्या का समाधान नहीं होगा तो पूरे जिले के कर्मचारी आंदोलन शुरू कर देंगे।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Mar 06 2024, 09:49

सदर अस्पताल में नए रजिस्ट्रेशन काउंटर फिजियोथेरेपी विभाग का डीएम ने किया उद्घाटन अब मरीजों को होगी सुविधा

बेगूसराय : सदर अस्पताल में अब इलाज कराने में रजिस्ट्रेशन और फिजियोथेरेपी के लिए पेशेंट को परेशान नहीं होना पड़ेगा। आज डीएम रोशन कुशवाहा ने मरीजों की सुविधा के लिए फ्री फैब स्ट्रक्चर में रजिस्ट्रेशन काउंटर और फिजियोथेरेपी विभाग का शुभारंभ किया। मुख्य द्वार के समीप बनाए गए रजिस्ट्रेशन काउंटर पर महिला एवं पुरुष के लिए अलग-अलग काउंटर तथा वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग, ट्रांसजेंडर और क्यूआर कोड वालों के लिए अलग काउंटर बनाया गया है। रजिस्ट्रेशन काउंटर के बगल में ही फिजियोथेरेपी विभाग की शुरुआत की गई है।

उद्घाटन करने के बाद डीएम ने रजिस्ट्रेशन काउंटर के संबंध में विस्तार से जानकारी ली तथा यहां आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए सिविल सर्जन एवं कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने फिजियोथैरेपी सेंटर के अंदर जाकर यहां उपलब्ध व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली।

डीएम रोशन कुशवाहा ने बताया कि सदर अस्पताल परिसर में नई बिल्डिंग बन रही है। इसके कारण रजिस्ट्रेशन कराने में लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। वर्तमान रजिस्ट्रेशन काउंटर पर काफी भीड़ हो रही थी। वर्तमान रजिस्ट्रेशन के बगल में ओपीडी चलता है, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती थी। इसलिए मुख्य द्वार के समीप नया रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाया गया है। इसके लिए अलग-अलग लाइन बनाई गई है। जिस किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। 

कहा कि अभी फिजियोथैरेपी में काफी परेशानी होती थी। अभी काम लगातार हो रहे हैं, सदर अस्पताल अच्छे अस्पताल में गिना जाता है और यहां व्यवस्था और बेहतर होगा। ‌हम लोग चिकित्सक सहित सभी सुविधा बेहतर तरीके से देने का प्रयास कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि बेगूसराय सदर अस्पताल में प्रत्येक दिन औसतन 700 पेशेंट इलाज कराने के लिए आते हैं। पहले अस्पताल के बीचों-बीच रजिस्ट्रेशन काउंटर था। लेकिन पिछले वर्ष नए भवन की बनने की शुरुआत होने के बाद रजिस्ट्रेशन काउंटर को ओपीडी के बगल में शिफ्ट किया गया। जहां काफी परेशानी हो रही थी।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Mar 06 2024, 09:48

8 घंटे बंद रहेगा सिमरिया पुल का सड़क मार्ग:6 मार्च की रात 10 बजे से 7 मार्च की सुबह 6 बजे तक नहीं चलेंगे वाहन, मरम्मत का चलेगा कार्य

बेगूसराय : गंगा नदी पर बने राजेन्द्र सेतु (सिमरिया पुल) के चल रहे मरम्मत कार्य के कारण एक बार फिर 8 घंटे तक सड़क मार्ग पर परिचालन ठप रहेगा। 6 मार्च की रात 10 बजे से 7 मार्च की सुबह 6 तक किसी भी प्रकार के वाहन का आवागमन नहीं होगा।

रेलवे के सहायक अभियंता (ब्रिज) ज्योति प्रकाश ने बताया कि राजेन्द्र सेतु का मरम्मत कार्य चल रहा है। अभी स्पेन नंबर- 4 में ढलाई कार्य किया जाना है। 123 मीटर में किए जाने वाले ढलाई कार्य के कारण 6 मार्च की रात 10 बजे से 7 मार्च सुबह 6 तक आवागमन पर रोक रहेगा।

हालांकि, इस दौरान एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं को नहीं रोका जाएगा। राजेन्द्र सेतु की मरम्मत कर रहे एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर अरुण कुमार गुप्ता ने बताया है कि आवागमन पर रोक के लिए बेगूसराय और पटना जिला प्रशासन को सूचित कर अनुमति ले ली गई है।

उल्लेखनीय है कि प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह के प्रयास से गंगा पर देश का सबसे पहला सड़क-सह-रेल पुल सिमरिया में बना था। पुल का अद्वितीय डिजाइन भारत रत्न मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया ने तैयार किया और राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने 1959 में उद्घाटन किया गया। लेकिन गांधी सेतु और विक्रमशिला सेतु से भारी वाहनों के गुजरने पर रोक के बाद से पूरे बिहार के वाहनों का लोड राजेन्द्र सेतु पर आ गया। 

2019 में हाथीदह की ओर से पाया नंबर-एक के समीप दो जगह गार्टर धंस जाने पर 2019 में बड़े और भारी वाहन के परिचालन रोक दिया गया। उसके बाद 2023 में 65 करोड़ की लागत से मरम्मत शुरू की गई।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Mar 04 2024, 21:22

मौत तक जेल में रहेगा नाबालिग से रेप का आरोपित:पॉक्सो स्पेशल कोर्ट ने सुनाई सजा, 50 हजार का लगा जुर्माना

बेगूसराय में पॉक्सो कोर्ट के स्पेशल जज महेश प्रसाद सिंह ने आज एक पॉक्सो मामले की सुनवाई करते हुए नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को अंतिम सांस तक जेल में रहने की सजा सुनाई है। इसके साथ ही 50 हजार का जुर्माना भी किया गया है। कोर्ट ने भगवानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 28 जून 2022 को दिव्यांग लड़की के साथ दुष्कर्म करने के आरोपित रोशन कुमार महतो को दोषी घोषित करने के बाद धारा 5-के एवं एम तथा धारा-6 में दोषी पाकर आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

कोर्ट ने इस अपराध को जघन्य माना है तथा आजीवन कारावास की यह सजा जीवन के अंतिम सांस तक चलेगी। इसके साथ ही पाॅक्सो कोर्ट ने आरोपित पर 50 हजार का जुर्माना भी लगाया, यह राशि नाबालिग पीड़िता को दी जाएगी। पॉक्सो कोर्ट ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार को जजमेंट की कॉपी भेजते हुए आदेश दिया है कि नाबालिग पीड़िता सरकारी मुआवजा के रूप में 4 लाख रुपया दिया जाए। इस मामले में अभियोजन की ओर से स्पेशल पीपी कुमारी मनीषा ने 11 गवाहों की गवाही कराई थी।

आरोपित रोशन कुमार महतो पर आरोप है कि 28 जून 2022 को पीड़िता की मां अपने दरवाजे पर नाबालिग मूक बधिर पुत्री को बैठा कर काम से बाहर गई थी। उसी दौरान रोशन वहां पहुंचा और दुष्कर्म किया। इस मामले के विचारण के दौरान कुमारी मनीषा ने तीन बार एक्सपर्ट को कोर्ट में बुलवाया। दूसरी ओर स्पेशल जज महेश प्रसाद सिंह ने पॉक्सो मामले में त्वरित सुनवाई करने और त्वरित न्याय देने के लिए डीजीपी, डीआईजी, डीएम एवं एसपी को पत्र लिखकर प्रतिदिन सुनवाई की जा रही 12 पॉक्सो मामले में गवाहों को गवाही के लिए उपस्थित कराने का आदेश दिया है।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट